यमुनानगर: पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ 50 हजार का इनामी बदमाश, CIA इंचार्ज घायल
यमुनानगर में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। धोलेरा-रादौर हाईवे पर करीब 16–17 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें शेरगढ़ निवासी 50 हजार का इनामी बदमाश रजत कुमार ढेर हो गया। मुठभेड़ के दौरान सीआईए-2 इंचार्ज राकेश कुमार गोली लगने से घायल हो गए, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

रजत हाल ही में मॉडल टाउन और लाडवा में अपने साथियों संग फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोपी था। घटना की जिम्मेदारी गैंगस्टर नोनी राणा ने इंस्टाग्राम पर लेते हुए इसे “ट्रेलर” बताया था। पुलिस ने उसके एक साथी अमन कुमार को कुरुक्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
एसपी कमलदीप गोयल ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली और कहा कि यह कार्रवाई अपराधियों के लिए सख्त संदेश है। पुलिस ने मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं, जबकि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

