यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट को लेकर चर्चा तेज
आगरा | मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हैं। तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इन सब के बीच अखिलेश यादव ने रविवार को सैफई में परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इसमें मैनपुरी उपचुनाव के लिए परिवार से एक ही प्रत्याशी उतारने के लिए शिवपाल को इस पर सहमत कराने पर चर्चा हुई। शिवपाल यादव मैनपुरी में अपने दावे को छोड़ेंगे या नहीं यह बड़ा सवाल है।
दरअसल, सपा से अलग होकर पार्टी बनाने वाले शिवपाल सिंह यादव बीते विधानसभा चुनाव में सपा के नजदीक आ गए थे। परंतु चुनावों के बाद संबंधों में फिलहाल तल्खी आ गई। इसके बाद शिवपाल यादव ने 2024 के मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। कई बार कहा था कि यदि नेताजी चुनाव लड़ेंगे तो वह मैदान में नहीं उतरेंगे। परंतु अब मुलायम के निधन के बाद हालात बदल गए हैं। सपा में इसी बात को लेकर मंथन जारी है कि मैनपुरी से किसे चुनाव मैदान में उतारा जाए। पार्टी सूत्रों का मानना है कि अगर शिवपाल अपना मैनपुरी से लोकसभा चुनाव लड़ने का दावा छोड़ते हैं तभी सपा व उनकी नजदीकी हो सकती है। कहा जा रहा है कि मुलायम के न रहने के बाद अब दोनों में कुछ तल्खी कम हुई है। इसी मद्देनज़र कोशिश की जा रही है कि परिवार से एक ही व्यक्ति मैदान में उतरे।
मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा की रिक्त हुई सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान 5 दिसंबर और मतगणना 8 दिसंबर को होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने शनिवार को कार्यक्रम जारी कर दिया है।