छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा

छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा

भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत तीन गिरफ्तार, पार्टी ने किया निलंबित

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में मक्के की फसल की आड़ में बड़े पैमाने पर अफीम (पोस्त) की अवैध खेती का मामला सामने आया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 5 एकड़ क्षेत्र में उगाई गई अफीम की फसल जब्त की, जिसकी अनुमानित बाजार मूल्य 8 करोड़ रुपये है। इस सनसनीखेज मामले में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार किया गया है। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, पुलगांव थाना क्षेत्र के समोदा, झेंझरी और सिरसा गांवों के बीच स्थित फार्महाउस में यह खेती की जा रही थी। खेत के चारों ओर बाउंसर्स तैनात किए गए थे, ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति पहुंच न सके। अफीम के पौधों को मक्के और अन्य फसलों के बीच छिपाकर उगाया गया था। पुलिस ने विनायक ताम्रकार (58) के अलावा विकास बिश्नोई (27) और मनीष ठाकुर (45) को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जब्त अफीम के सैंपल लैब में भेजे गए हैं। जांच से पता चला है कि यह खेती पिछले 4 साल से चल रही थी। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब खरीदारों, फंडिंग स्रोत और संभावित अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपी नेता के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच हो रही है।

भाजपा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया। वे भाजपा किसान मोर्चा के तहत चावल मिल प्रसंस्करण परियोजना के राज्य समन्वयक थे। पार्टी ने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम करेगा और दोषी पाए जाने पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। ताम्रकार ने आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि संबंधित जमीन उनका नहीं है।

इसे भी पढ़े   बम डिफ्यूज करने के दौरान SI के उड़े दोनों हाथ,छह जिंदा विस्फोटक हुए थे बरामद,कई घायल

विपक्षी कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद मौके पर पहुंचे और कहा कि सत्ता के संरक्षण में नशे का कारोबार चल रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह केवल एक उदाहरण है, और ऐसे कई मामले हो सकते हैं।

यह घटना छत्तीसगढ़ की राजनीति में तूफान ला दी है। पुलिस जांच जारी है और आगे के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *