आईपीएल में चमकने के बाद घर पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, आईपीएस मामा और नानी से की मुलाकात
समस्तीपुर (जनवार्ता) । आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में छाप छोड़ने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सीजन समाप्त होने के बाद बिहार स्थित अपने घर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। घर पहुंचने पर उन्होंने अपने आईपीएस मामा अभिषेक चौहान और नानी अनुराधा राजपूत से मुलाकात की तथा उनके साथ पारिवारिक समय बिताया।


समस्तीपुर निवासी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी घरेलू क्रिकेट में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह आईपीएल में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं। आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और उन्होंने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम किए।
परिवार के साथ रात्रिभोज के दौरान वैभव ने आईपीएल के दौरान मिले अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। इस सीजन उन्होंने सर्वाधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की और ऐसा करने वाले आईपीएल इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने।
वैभव की टीम राजस्थान रॉयल्स क्वालीफायर-2 तक पहुंची थी। इस मुकाबले में उन्होंने 96 रनों की शानदार पारी खेली, हालांकि टीम को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। क्वालीफायर-2 के बाद भी वैभव 31 मई तक अहमदाबाद में रहे, जहां उन्होंने आईपीएल फाइनल देखा और विभिन्न पुरस्कार ग्रहण किए।
आईपीएल 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी को ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन’ चुना गया। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और एक सिएरा कार प्रदान की गई। इसके अलावा उन्होंने सर्वाधिक छक्के लगाने, सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट और ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार भी अपने नाम किए।

