पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में छात्रा की हत्या, क्लासमेट गिरफ्तार
पीलीभीत (जनवार्ता)। पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एक पैरामेडिकल छात्र ने सीटी स्कैन कक्ष में अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के एसआरएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में बीच-बचाव करने वाली महिला कर्मचारी भी घायल हुई हैं।

पुलिस के अनुसार, बरेली निवासी कशिश पटेल (22) मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल की छात्रा थीं। मंगलवार सुबह वह सीटी स्कैन कक्ष में कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके सहपाठी सागर (24) वहां पहुंचा। दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने बैग से चाकू निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची महिला कर्मचारी निधि भी घायल हो गईं।
घटना के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, जहां कशिश ने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बैग में करीब 12 इंच लंबा चाकू छिपाकर लाया था। पुलिस हमले के कारणों और यह घटना पूर्व नियोजित थी या नहीं, इसकी जांच कर रही है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि छात्रा की मौत के बाद मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

