हरदोई : पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति
बोला— प्रेमी के साथ रहना चाहती थी इसलिए मार डाला
हरदोई (जनवार्ता)। जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने पुलिस से कहा— “मेरी बीवी अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, इसलिए मैंने उसे मार डाला। उसकी लाश घर में पड़ी है।”
आरोपी की यह बात सुनते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम तत्काल उसे लेकर उसके घर पहुंची, जहां महिला का शव पड़ा मिला। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है।
13 जनवरी को प्रेमी के साथ भागी थी पत्नी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रायपुर गुलरिया निवासी नवीन शुक्ला (28) की शादी करीब 7 साल पहले सुरजीपुर गांव की रहने वाली अंजू शुक्ला (25) से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। पिछले पांच वर्षों से नवीन पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहा था।
13 जनवरी को अंजू गांव के ही एक युवक के साथ घर से चली गई थी। नवीन ने प्रधान के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। छह दिन बाद 19 जनवरी को पुलिस ने अंजू को बरामद कर लिया। पूछताछ में अंजू ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद नवीन उसे घर ले आया।
घर लौटने के बाद बढ़ने लगे विवाद
आरोपी नवीन के अनुसार, कुछ दिन तक सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। नवीन का आरोप है कि अंजू चोरी-छिपे अपने प्रेमी से मिलती थी। शुक्रवार शाम को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गई। गुस्से में आकर नवीन ने अंजू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
35 बीघा जमीन भी बनी विवाद की वजह
मृतका के पिता सुरेश पांडेय का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार में कोई बेटा नहीं था। अंजू के नाम करीब 35 बीघा जमीन थी, जिसकी देखभाल नवीन करता था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं जमीन को लेकर भी विवाद तो नहीं था।
मां ने की कड़ी सजा की मांग
मृतका की मां सुखरानी ने बताया कि घटना के वक्त वे घर के बाहर टिन शेड के नीचे बैठे थे। अंदर रोज की तरह झगड़ा हो रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना बढ़ जाएगा।
उन्होंने कहा, “जब दामाद खुद थाने चला गया, तब पता चला कि उसने हमारी बेटी को मार डाला। दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, अब उनका क्या होगा। हम चाहते हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले।”
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


