अवैध पार्किंग बनी आग का कारण, मंडी में पर्स की दुकान जलकर राख
भगवान मोहल्ला में सुबह हादसा, ऊपर फंसे 2 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
मंडी, (जनवार्ता)।हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी के भगवान मोहल्ला स्थित पोस्ट ऑफिस रोड पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक पर्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर राख हो गई। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की तत्परता से दुकान के ऊपर मौजूद दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी। हादसे के समय दुकान मालिक हरीश के सास-ससुर ऊपर वाली मंजिल में मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोस्ट ऑफिस रोड पर अवैध पार्किंग के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 20 मिनट की देरी हुई। इस वजह से आग पर शुरुआती चरण में काबू नहीं पाया जा सका और दुकान में रखा पूरा सामान जल गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास की दुकानों व मकानों तक फैलने से रोक लिया। यदि आग फैल जाती तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यदि दमकल वाहन समय पर पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने सड़क किनारे अवैध पार्किंग को इस देरी की मुख्य वजह बताया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने शहर में अवैध पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो लाखों रुपये के नुकसान से बचा जा सकता था।

