मथुरा : गैस सिलिंडर फटने से मकान क्षतिग्रस्त
बिजली कटौती ने बचाई बच्चों की जान
मथुरा (जनवार्ता) । चौमुहां ब्लॉक अंतर्गत गांव भोगांव में रविवार की सुबह गैस सिलिंडर फटने से एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आग की तपिश से हुए धमाके में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी की जान नहीं गई।

बिजली कटौती ने परिवार के चार छोटे बच्चों की जान बचाई। यदि बिजली न गई होती तो बच्चे कमरे में ही सो रहे होते और हादसे में घायल या हताहत हो सकते थे।
गांव भोगांव की रहने वाली रामवती अपने चार बच्चों के साथ रहती हैं। पति दिगंबर सिंह की मृत्यु के बाद वह पशुपालन और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं।
शनिवार रात करीब नौ बजे बिजली चली गई। गर्मी से परेशान रामवती बच्चों को लेकर दूसरे कमरे की छत पर सो गईं। रविवार सुबह करीब पांच बजे वह जागीं और कमरे में गैस चूल्हे पर चाय बनाई। चाय बनाने के बाद वह रसोई में कुछ सामान रखकर पशुओं को चारा डालने चली गईं।
इसी दौरान गैस लीक होने से रसोई में आग लग गई। आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। कुछ ही देर बाद आग की तपिश से गैस से भरा सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से कमरे की दीवारों में दरारें पड़ गईं और पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। अनाज समेत घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
आसपास के लोगों को धमाके की आवाज सुनाई दी। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। छत पर सो रहे रामवती के बच्चे भी सुरक्षित थे।
रामवती ने बताया, “हम गरीब परिवार हैं। मेहनत-मजदूरी से गुजारा चलता था। इस हादसे ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।” ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।

