भिखारी बनकर घर में घुसे बदमाशों ने 20 लाख के जेवर लूटे
बिजनौर । हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक फौजी के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। भिखारी बनकर आए एक महिला और पुरुष ने घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर महिला के गले पर चाकू से हमला कर दिया।
गांव मंडौरा जट निवासी शिवानी अपने पति अमित और चार साल के बेटे के साथ रहती हैं। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उनके पति खेत पर गए हुए थे और घर में शिवानी अपने बेटे के साथ अकेली थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक महिला और एक पुरुष भीख मांगने के बहाने दरवाजे पर पहुंचे। गेट खुलते ही दोनों ने शिवानी के गले पर चाकू लगा दिया और धक्का देकर घर के अंदर ले गए।
बदमाशों में से एक ने चाकू के बल पर शिवानी को बेड पर बैठा दिया, जबकि साथ आई महिला ने अलमारी खंगालकर उसमें रखे करीब 25 तोला सोने और चांदी के जेवर निकाल लिए। इसके बाद बदमाशों ने महिला के गले से चेन और कानों से कुंडल भी छीन लिए और सभी जेवर झोले में भरकर फरार हो गए।
शिवानी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के समय घर में केवल महिला और उसका छोटा बेटा ही मौजूद था। पीड़िता का देवर सेना में तैनात है और इस समय जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा मौके पर पहुंचे। एसओजी, फोरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीमों ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शक के आधार पर चार भिखारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, दोनों बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे और पैंट-जैकेट के साथ शॉल ओढ़े हुए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


