टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराकर जीत के साथ किया आगाज
मुंबई (जनवार्ता) :टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएसए को 29 रनों से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए, जिसके जवाब में यूएसए की टीम 132 रन ही बना सकी।
भारत की जीत में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अहम भूमिका रही। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस कप्तानी पारी की बदौलत भारत ने मैच पर शुरुआत से ही पकड़ बनाए रखी।
गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लेकर यूएसए की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि वरुण चक्रवर्ती को 1 सफलता मिली।
भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के चलते यूएसए की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में दिखी और 132 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए हैं।


