दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी!
पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं को भी निशाना बताया
नई दिल्ली (जनवार्ता) । दिल्ली विधानसभा में बजट पेश होने से ठीक पहले सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को दो अलग-अलग ईमेल से बम विस्फोट की धमकी मिली। धमकी देने वाले ने दावा किया कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली विधानसभा भवन को और रात 9:11 बजे विधानसभा मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा।

ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नाम भी शामिल किए गए।
धमकी भरे दोनों ईमेल एक जीमेल अकाउंट से भेजे गए। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक ईमेल पर और दूसरा 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के व्यक्तिगत ईमेल पर प्राप्त हुआ।
धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते हाई अलर्ट पर आ गए। स्निफर डॉग्स की टीम को तुरंत विधानसभा परिसर में उतारा गया। पूरे परिसर की चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री के मिलने की सूचना नहीं है।
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं। प्रारंभिक जांच में इसे हॉक्स कॉल (झूठी धमकी) माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जा रही। विधानसभा परिसर और आसपास के मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। यात्रियों की सघन चेकिंग की जा रही है।
यह घटना बजट सत्र के दौरान हुई है, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली का बजट पेश करने वाली हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय ने पुष्टि की कि धमकी वाले ईमेल में विधानसभा भवन और मेट्रो स्टेशन दोनों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। फिलहाल जांच जारी है।

