शादी का झांसा, 5 दिन साथ रही और ₹30 हजार-गहने लेकर फरार
हिसार/सिरसा (जनवार्ता)। सिरसा पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवानी शर्मा उर्फ फुल्लन देवी, उसकी सहेली रेनू चौधरी और कथित सरगना सरोज मिलकर युवकों को फर्जी शादी के जाल में फंसाती थीं। नशे की लत पूरी करने के लिए हिसार में एक कथित मैरिज सेंटर जैसा नेटवर्क बनाया गया था।


जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली शिवानी पहले मेड का काम करती थी। बाद में हिसार में रेनू और सरोज के संपर्क में आने के बाद उसने फर्जी शादी के जरिए ठगी शुरू कर दी।
आरोप है कि सिरसा के एक ड्राइवर से शादी के नाम पर ₹1.5 लाख लिए गए। शिवानी युवक के घर पहुंची, परिवार का भरोसा जीता और पांच दिन बाद ₹30 हजार नकद व गहने लेकर फरार हो गई।
पुलिस के मुताबिक, सिरसा से भागने के बाद शिवानी रेनू के साथ पहले दिल्ली के नजफगढ़ में रही। बाद में हिसार लौटने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सिटी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी कई बार बयान बदल चुकी हैं। पुलिस को शक है कि यह एक संगठित गिरोह है और इसमें कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। अब तक इस गैंग द्वारा की गई अन्य फर्जी शादियों की भी जांच की जा रही है।

