एसटीएफ : अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
803 प्रतिबंधित रोजरिंग तोता बरामद
सीतापुर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र के शांति नगर काजियारा इलाके से एक तस्कर को 803 प्रतिबंधित रोजरिंग प्रजाति के तोतों के साथ गिरफ्तार किया है ।

तोते सात झोलों और आठ पिंजरों में बेहद अमानवीय हालत में रखे गए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम (निवासी कांशीराम कालोनी, खैराबाद, सीतापुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में शिवम ने स्वीकार किया कि वह कई पीढ़ियों से इस गोरखधंधे में शामिल है। मुनाफे में कमी आने के बाद उसने पूर्ण रूप से प्रतिबंधित पक्षियों की तस्करी शुरू कर दी।
उसके अनुसार, गिरोह लखीमपुर-खीरी, रामपुर, पीलीभीत समेत प्रदेश के विभिन्न संरक्षित जंगलों से भारी मात्रा में तोते और अन्य प्रतिबंधित पक्षी पकड़वाता है। इन पक्षियों को उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में ले जाकर अच्छी कीमतों पर बेचा जाता है। बाजार में इनकी अच्छी डिमांड बताई जाती है।
एसटीएफ के उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद तोते रोजरिंग प्रजाति के हैं, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इन पक्षियों को जंगलों से अवैध रूप से पकड़ा जाता है और तस्करी के दौरान उन्हें क्रूर तरीके से रखा जाता है, जिससे कई पक्षी मर भी जाते हैं।
एसटीएफ अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। पूछताछ में और खुलासे होने की संभावना है।
गिरफ्तार शिवम के खिलाफ खैराबाद थाने में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

