आगरा : जिला न्यायालय दीवानी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी
ईमेल पर मचा हड़कंप
आगरा (जनवार्ता)। जिला न्यायालय के दीवानी परिसर में मंगलवार को बम की धमकी वाली सूचना मिली, जो एक ईमेल के माध्यम से आई थी। यह धमकी अतिरिक्त जिला जज प्रथम पुष्कर उपाध्याय को प्राप्त हुई, जिसमें दीवानी न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की स्पष्ट चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें हर कोने की जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को बाहर निकाला गया और चेकिंग जारी रही, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ।


अभी तक किसी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु के मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और एटीएस जैसी एजेंसियां ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और प्रेषक की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

यह घटना इसी माह के दौरान कई अदालतों को मिली इसी तरह की धमकियों की श्रृंखला का हिस्सा लगती है। इससे पहले लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, मेरठ, अलीगढ़, अमरोहा, आजमगढ़ समेत 18 जिलों की अदालतों को ईमेल से बम धमकियां मिली थीं, जिनमें अधिकांश मामलों में धमकियां झूठी साबित हुईं, लेकिन हर बार बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई।

