आजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश वाकिफ ढेर
आजमगढ़ (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश वाकिफ (27) का शुक्रवार तड़के रौनापार थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। वाकिफ पर गो-तस्करी, हत्या, लूट और चोरी जैसे 44 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। वह नेपाल बॉर्डर तक तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात एसटीएफ की टीम लूट की घटना के सुराग जुटाने गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाकिफ अपने तीन साथियों के साथ रौनापार की ओर भाग रहा है। सूचना पर एसटीएफ ने इलाके में घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वाकिफ को गोली लगी, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल वाकिफ को तत्काल सीएचसी हरैया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ का नेतृत्व डिप्टी एसपी डी.के. शाही कर रहे थे, जिन्होंने पूर्व में सुल्तानपुर डकैती कांड के वांटेड मंगेश यादव का भी एनकाउंटर किया था।
वाकिफ के खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर, जौनपुर सहित कई जिलों में मुकदमे दर्ज थे। 2023 में गोरखपुर गो-तस्करी कांड के बाद उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
**राज्य में 238 अपराधी ढेर**
राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2017 से जुलाई 2025 तक यूपी पुलिस ने 14,000 से अधिक मुठभेड़ों में 238 अपराधियों को मार गिराया है। इस दौरान 30,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 9,000 से अधिक घायल हुए।

