बलिया: पारिवारिक रंजिश में भाई ने की सगे भाई की हत्या
तीन गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लोहे का दांव बरामद

बलिया (जनवार्ता) । मनियर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हुई चन्दन सिंह की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया तथा हत्या में प्रयुक्त लोहे के धारदार दांव को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना बुधवार की है। मृतक चन्दन सिंह की पत्नी ने थाने में तहरीर दी थी कि पारिवारिक पुरानी रंजिश के चलते उनके पति के सगे भाई संतोष सिंह उर्फ सरल सिंह ने अपने साथियों बहारन सिंह उर्फ उदय प्रताप सिंह और हलचल सिंह उर्फ कमलेश सिंह के साथ मिलकर गले पर धारदार हथियार से वार कर चन्दन सिंह की हत्या कर दी। इस संबंध में थाना मनियर पर मुकदमा अपराध संख्या 231/25 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस पंजीकृत किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सबसे पहले मुख्य अभियुक्त संतोष सिंह उर्फ सरल सिंह (49 वर्ष) को लोहटा चट्टी के आगे बगीचे के पास से रात 1:20 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य दो अभियुक्तों बहारन सिंह उर्फ उदय प्रताप सिंह (38 वर्ष) और हलचल सिंह उर्फ कमलेश सिंह (37 वर्ष) को चांदूपाकड़ मंदिर के पास से गुरुवार सुबह दबोच लिया। अभियुक्त संतोष सिंह की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का दांव बरामद कर लिया गया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 4/25 आम्स एक्ट भी बढ़ाई गई।
तीनों अभियुक्त ग्राम बड़सरी जागीर, थाना मनियर के निवासी हैं। मुख्य अभियुक्त संतोष सिंह उर्फ सरल सिंह कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ बलिया जिले में हत्या के प्रयास, बलात्कार, एससी/एसटी एक्ट, लापरवाही से मौत, मारपीट, धमकी एवं आम्स एक्ट सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। सह-अभियुक्त बहारन सिंह के खिलाफ भी बलात्कार एवं एससी/एसटी एक्ट का गंभीर मुकदमा दर्ज है।
तीनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक के साथ उ0नि0 अंकित यादव, हे0का0 उदय सिंह, हे0का0 रितेश सिंह एवं हे0का0 सत्येंद्र कुमार आदि शामिल रहे।

