कुत्ते के काटने पर एसडीएम ने मांगी 8 दिन की छुट्टी, डीएम को लिखा— “साइन करने की स्थिति में भी नहीं”
बलिया (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पालतू कुत्ते के काटने के बाद एक उपजिलाधिकारी (SDM) ने आठ दिन की मेडिकल लीव मांगी है। इस संबंध में जिलाधिकारी को लिखा गया उनका पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले की बैरिया तहसील में तैनात एसडीएम आलोक प्रताप सिंह 5 मार्च को अपने सरकारी आवास पर थे। उस समय उनके बुजुर्ग पिता भी वहीं मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उनके पास ‘अमेरिकन बुली’ नस्ल का पालतू कुत्ता है, जो उस वक्त आक्रामक हो गया और उनके पिता को परेशान करने लगा।
एसडीएम ने कुत्ते को शांत कराने के लिए अपने पिता से उसे सहलाने के लिए कहा, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो वह खुद बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके दोनों हाथों को बुरी तरह काट लिया।
हमले में एसडीएम के हाथों से काफी खून बहा। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर जाने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर 6 मार्च से 13 मार्च तक आठ दिन की मेडिकल छुट्टी देने का अनुरोध किया। पत्र में उन्होंने लिखा कि कुत्ते के काटने से हाथों में गंभीर घाव हैं और वह पेन पकड़कर हस्ताक्षर करने की स्थिति में भी नहीं हैं।
यह पत्र कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी ने उनकी छुट्टी मंजूर कर ली है। वहीं प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए बैरिया तहसील में दूसरे उपजिलाधिकारी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
फिलहाल एसडीएम आलोक प्रताप सिंह मेडिकल लीव पर घर पर ही इलाज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्र में लिखी गई सारी बातें सही हैं, लेकिन उनका निजी पत्र सोशल मीडिया पर कैसे वायरल हुआ, यह उनके लिए भी हैरानी की बात है।


