गाजीपुर : महिला मोर्चा का आक्रोश प्रदर्शन
राहुल गांधी से माफी की मांग
गाजीपुर (जनवार्ता)। बिहार में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गाजीपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने लंका मैदान से सरजू पांडेय पार्क तक आक्रोश मार्च निकाला। इसके बाद सरजू पांडेय पार्क में सभा आयोजित कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस मौके पर पूर्व जमानियां विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि “पीएम की माता के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग पूरे देश की माताओं का अपमान है। जब तक राहुल गांधी देश से माफी नहीं मांगेंगे, महिलाएं उन्हें माफ नहीं करेंगी।”
नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “यह केवल एक माँ का अपमान नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं और बहनों का अपमान है। अगर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव संयुक्त रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो आंदोलन को राज्य स्तर पर तेज किया जाएगा।”
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार से अपमानजनक बयानबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।