गाजीपुर: रामनाथ ठाकुर हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार,
पैर में गोली लगी
गाजीपुर, (जनवार्ता)। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में रामनाथ ठाकुर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शक्ति नारायण राय पुत्र स्व. विजय नारायण राय, निवासी ग्राम नेवादा, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सीएचसी बाराचवर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान हत्या के आरोपी शक्ति नारायण राय की निशानदेही पर हरदासपुर स्थित आशुतोष राय के आम और सागौन के बगीचे से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे और एक कुल्हाड़ी बरामद की गई।
बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक एक आरक्षी को धक्का देकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो उसने बगीचे में छिपाकर रखे गए अवैध तमंचे से पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया है। उसके खिलाफ थाना करीमुद्दीनपुर में धारा 109(1), 262 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, वह पहले से ही रामनाथ ठाकुर हत्याकांड (मु0अ0सं0 78/2026) में धारा 191(2), 103(1) बीएनएस के तहत वांछित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शक्ति नारायण राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 का धारा 302, 307, 397 आईपीसी का गंभीर मामला भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इस पूरी कार्रवाई को थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल और करीमुद्दीनपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने बड़ी सफलता माना है।


