साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास
लखनऊ (जनवार्ता) । ट्रेन यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में एक मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। आरोपी सहयात्री अमित सिंह यादव को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक मेडिकल छात्रा है, जो अपनी मां के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। घटना मल्हौर रेलवे स्टेशन के आसपास हुई, जब आरोपी ने छात्रा को अकेला पाकर पहले उसे कोई नशीली वस्तु खिलाने की कोशिश की, ताकि वह बेहोश हो जाए। छात्रा के इनकार करने पर आरोपी ने छेड़छाड़ शुरू की और गलत इरादे से उसे दबोचने की कोशिश की।
छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर कोच में मौजूद अन्य यात्रियों और टीटीई मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पीछे हट गया। इस बीच छात्रा की मां ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर रेलवे अधिकारियों और यूपी पुलिस को टैग करते हुए मदद की गुहार लगाई। उन्होंने लिखा कि उनकी बेटी बुरी तरह डरी हुई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मां की पोस्ट का संज्ञान लेते हुए लखनऊ डीआरएम और रेलवे कंट्रोल रूम ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी। जैसे ही ट्रेन देर रात चारबाग स्टेशन पर रुकी, जीआरपी की टीम कोच में दाखिल हुई और आरोपी अमित सिंह यादव को हिरासत में ले लिया।
जीआरपी लखनऊ के अनुसार, उप-निरीक्षक लक्ष्मी सिंह और एएसआई राधेश्याम त्रिपाठी की टीम ने मौके पर पीड़िता का बयान दर्ज किया। आरोपी को ट्रेन से उतारकर थाने लाया गया, जहां पीड़िता की तहरीर पर आईपीसी की गंभीर धाराओं (दुष्कर्म का प्रयास, छेड़छाड़, नशीला पदार्थ देने की कोशिश आदि) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और पीड़िता को हर संभव सुरक्षा एवं सहायता प्रदान की जा रही है।

