इंडिगो फ्लाइट में सवा घंटे तक फंसे रहे यूपी के दोनों डिप्टी सीएम
लखनऊ (जनवार्ता)। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को एक अनोखी घटना घटी जब कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E505 में तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट सुबह 7:40 बजे रवाना होनी थी लेकिन उड़ान भरने से ठीक पहले समस्या सामने आने पर विमान को रनवे पर रोक दिया गया। इस कारण सभी यात्री जिनमें उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी शामिल थे करीब एक घंटे से सवा घंटे तक विमान के अंदर ही फंसे रहे। इंजीनियरिंग टीम ने तुरंत जांच की और खराबी दूर करने के बाद फ्लाइट सुबह 8:59 बजे कोलकाता के लिए सुरक्षित रूप से रवाना हुई। दोनों नेता पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के सिलसिले में कोलकाता पहुंच चुके हैं।

सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हुई जहां यूजर्स ने यात्रियों की असुविधा पर चर्चा की लेकिन किसी बड़े हादसे से बचने पर राहत जताई। गौरतलब है कि महज दो दिन पहले 7 मार्च को केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में भी तकनीकी दिक्कत आई थी जिसमें केबिन में धुआं भर गया और इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। आज की यह घटना यात्रियों के लिए परेशानी भरी रही लेकिन कोई चोट या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

