सीएम योगी ने अटल जी की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

सीएम योगी ने अटल जी की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

महामना मालवीय और राजा बिजली पासी को नमन कर क्रिसमस दी शुभकामनाएं

लखनऊ  (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर लोकभवन में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी की जयंती पर उन्हें नमन किया तथा ईसाई समुदाय को क्रिसमस की हार्दिक बधाई दी।

rajeshswari

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने लखनऊ से संसद में प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास के नए विजन प्रदान किया। यह वर्ष विशेष है, क्योंकि पूरे देश में श्रद्धेय अटल जी की जन्मशताब्दी महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। देशभर के शिक्षण संस्थानों में उनकी कविताओं, लेखन, पत्रकारिता और संसदीय भाषणों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सीएम योगी ने कहा कि अटल जी की पैतृक भूमि उत्तर प्रदेश के आगरा के बटेश्वर में है। उनकी उच्च शिक्षा कानपुर में हुई और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत बलरामपुर से। उन्होंने संसद में सबसे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। अटल जी का विराट व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।

उन्होंने बताया कि अटल जी की स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए डबल इंजन की सरकार ने लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का निर्माण कराया है। यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं तथा डिजिटल म्यूजियम स्थापित किया गया है। प्रधानमंत्री के कर-कमलों से शीघ्र ही इसका लोकार्पण होगा।

मुख्यमंत्री ने पंडित मदन मोहन मालवीय को याद करते हुए कहा कि महान राष्ट्रवादी नेता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मालवीय जी ने 1916 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की। उनके योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

इसे भी पढ़े   वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर पीएम मोदी ने किया सालभर के उत्सव का शुभारंभ

सीएम योगी ने लखनऊ के महान योद्धा महाराजा बिजली पासी की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि बिजली पासी ने विदेशी आक्रांताओं का डटकर मुकाबला किया और सनातन परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखा। डबल इंजन सरकार उनके किलों के पुनरुद्धार के कार्य में जुटी है, ताकि इन महान योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा सके।

क्रिसमस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईसाई बंधुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए सभी को त्योहार मनाने का पूरा अवसर प्रदान करेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *