यूपी में ठंड ने पकड़ी रफ्तार
कई जिलों में पारा 8 डिग्री तक लुढ़का

लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। सुबह-शाम की बर्फीली हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान घटकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि 20 नवंबर के बाद ठंड में और इजाफा होने की उम्मीद जताई गई है।
लखनऊ मौसम केंद्र की रिपोर्ट
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 13 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। 14 और 15 नवंबर को भी इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह और देर रात हल्का कोहरा कई जिलों में छा सकता है।
इन जिलों में दिखेगा कोहरे का असर
गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या, आगरा, अलीगढ़, इटावा, कन्नौज, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, जालौन, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, बाराबंकी, बहराइच, कौशाम्बी, रामपुर, बरेली और लखीमपुर खीरी में सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा।
बीएचयू वैज्ञानिक बोले — शीतलहर का असर जारी रहेगा
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के असर से प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
लखनऊ और नोएडा का आज का हाल
राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की गिरावट संभव है।
वहीं, नोएडा में भी सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठंड का अहसास होगा, हालांकि दोपहर के बाद मौसम सामान्य रहेगा।
20 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि 20 नवंबर के बाद पहाड़ी राज्यों — उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश — में होने वाली बर्फबारी का असर यूपी पर भी पड़ेगा। इसके चलते प्रदेश में सर्द हवाएं और तेज होंगी और ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

