ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी
लखनऊ (जनवार्ता): ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में मौत की पुष्टि के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की और सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

ईरान में 28 फरवरी को हुए हमलों में खामेनेई की मौत की खबर से वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ गया है। ईरान ने 40 दिनों का शोक घोषित किया है और प्रतिशोध की चेतावनी दी है। इस घटना के चलते भारत में भी शिया समुदाय के बीच शोक और विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों, खासकर शिया बहुल इलाकों में लोग सड़कों पर उतरे हैं, जहां मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं और मातम मनाया जा रहा है।
एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि लखनऊ सहित अन्य जिलों में प्रदर्शनों पर पुलिस की पैनी नजर है। शिया बहुल क्षेत्रों और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, “त्योहारों और मौजूदा संवेदनशील स्थिति में किसी भी अराजक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों या हिंसक प्रदर्शन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में जोर दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूर्वानुमानित कदम उठाए जाएं।

