लखनऊ: नाना-नानी से मिलाने आए दामाद की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी भी घायल

लखनऊ: नाना-नानी से मिलाने आए दामाद की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी भी घायल

लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 3 साल की बेटी को नाना-नानी से मिलाने आए दामाद की कथित तौर पर ससुरालवालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसके साथ मारपीट की गई।
यह घटना 17 मार्च की रात सेक्टर-आई स्थित एक मकान में हुई। जानकारी के अनुसार, मृतक विष्णु यादव (30) अपनी पत्नी साक्षी और बेटी के साथ 15 मार्च को ससुराल आया था और वहीं ठहरा हुआ था। मंगलवार रात खाना खाने के बाद विष्णु और उसके ससुर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि ससुर, सास, चचिया ससुर और चार सालियों ने मिलकर विष्णु को कमरे में बंद कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की।
आरोप है कि इसी दौरान ससुर ने चारपाई के पाए से विष्णु के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उसकी पत्नी साक्षी ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उसे भी पीटा गया, जिससे उसे चोटें आई हैं।
मृतक की पत्नी साक्षी ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट कहा है कि उसके परिवारवालों ने ही उसके पति के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी जान गई। पुलिस के अनुसार, साक्षी ने करीब चार साल पहले विष्णु से प्रेम विवाह किया था, जिससे उसका परिवार नाराज था। शादी के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था और अक्सर विवाद की स्थिति रहती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता छेदीलाल यादव प्रतापगढ़ से लखनऊ पहुंचे और आशियाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर की है।
जानकारी के मुताबिक, करीब दो साल पहले विष्णु पर अपनी छोटी साली के अपहरण का आरोप लगा था, जिसके चलते वह जेल भी गया था। एक साल पहले जेल से बाहर आने के बाद ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद और बढ़ गया था।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   संकल्प अन्नक्षेत्र ने किया गया प्रसाद वितरण
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *