यूपी में मानसून का कहर: गोरखपुर जलमग्न, 75 शहरों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून की तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गोरखपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक छह घंटे में 110 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे सड़कें तालाब बन गईं, कई कॉलोनियों और घरों में पानी घुस गया, जबकि जिला अस्पताल की ओपीडी भी जलमग्न हो गई।

शाहपुर क्षेत्र स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स के पास नाला उफान पर आने से ग्राउंड फ्लोर की 200 से अधिक दुकानों में पानी भर गया। कई प्रमुख चौराहों पर चार फीट तक जलभराव होने से वाहन बीच रास्ते में फंस गए। वहीं, सरयू नहर टूटने से आसपास के कई बीघा खेत जलमग्न हो गए।
बरेली, आगरा, लखीमपुर समेत कई जिलों में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश हुई, जबकि लखनऊ, कानपुर सहित 30 से अधिक शहरों में बादल छाए रहे। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से ललिता घाट पर गंगा आरती का स्थान बदला गया, वहीं प्रतापगढ़ में एसपी कार्यालय में भी पानी भर गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 75 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। उधर, पहाड़ों में लगातार बारिश से गंगा, यमुना और सरयू समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बलिया और बाराबंकी के 87 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

