प्रयागराज: सेना के नायक ने 11वीं की छात्रा की हत्या कर नदी किनारे दफनाया शव, दो दिन में पुलिस ने किया खुलासा
प्रयागराज (जनवार्ता)।थरवई क्षेत्र के लखरावां गांव में मनसैता नदी किनारे मिले 11वीं की छात्रा साक्षी यादव (17) के शव की गुत्थी पुलिस ने महज दो दिन में सुलझा ली। हत्यारा कोई और नहीं, पंजाब के पटियाला में तैनात सेना का नायक हर्षवर्धन सिंह उर्फ दीपक (कुसुंगुर गांव, थरवई) निकला।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जून 2025 में इंस्टाग्राम पर साक्षी से दोस्ती की थी। बातचीत बढ़ी तो दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। इसी बीच हर्षवर्धन की शादी दूसरी जगह तय हो गई और 30 नवम्बर को उसकी बारात जाने वाली थी। जब साक्षी को यह पता चला तो वह लगातार शादी करने का दबाव बनाने लगी।
पीछा छुड़ाने के लिए हर्षवर्धन ने 10 नवम्बर की शाम साक्षी को बाइक पर बिठाया और मनसैता नदी किनारे ले गया। वहां चाकू से लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। फिर पास के मंदिर से फावड़ा लाकर जमीन में गड्ढा खोद शव दफना दिया। हत्या में इस्तेमाल चाकू व फावड़ा भी उसी स्थान के पास गाड़ दिया। साक्षी का बैग हाईवे किनारे देवरियां गांव के पास फेंक दिया।
15 नवम्बर की सुबह शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ, इंस्टाग्राम चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हर्षवर्धन तक पहुंच बनाई। सोमवार शाम उसे मनसैता नदी के पुराने पुल के पास गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू और फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य व डीसीपी गंगापार कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर सभी सबूत बरामद हो गए। जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
परिजनों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

