धान खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर सपा लोहिया वाहिनी का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
सोनभद्र (जनवार्ता)! उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में धान क्रय केंद्रों पर खरीद बंद होने और वर्ष 2025–26 में मिलर संचालकों से हुई कथित भ्रष्ट खरीद के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की समाजवादी लोहिया वाहिनी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल धान खरीद शुरू कराने की मांग की।

समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल और समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन की अध्यक्षता लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जितेश गौतम ने की। दोपहर 12 बजे आयोजित प्रदर्शन के बाद हुई सभा को संबोधित करते हुए विवेक सिंह पटेल ने कहा कि सोनभद्र के किसानों के साथ लगातार धोखा किया जा रहा है। धान खरीद बंद कर किसानों के हक पर डाका डाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2025–26 में मिलर संचालकों से मिलकर धान की खरीद की गई और किसानों से औने-पौने दाम पर धान लेकर उसे सरकारी दर पर केंद्रों पर बेचा गया।
महिला सभा की जिलाध्यक्ष अधिवक्ता गीता गौड़, नगर अध्यक्ष सरदार पारब्रम्ह सिंह और जिलाध्यक्ष जितेश गौतम ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा सरकार में किसान बदहाली का शिकार है। खाद की कमी के बाद अब उपज बेचने की भी समस्या खड़ी कर दी गई है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्णा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र धान खरीद शुरू नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में मनीष मिश्रा, इमरान अहमद, अवनीश मिश्रा, दिलशाद अहमद सहित कई सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

