बलिया : नेग विवाद में किन्नर की हत्या, युवक ने लगाई फांसी
एक ही घर से मिले दो शव
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार में एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। एक चार मंजिला मकान से 25 वर्षीय युवक रवि गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला, जबकि तीन दिन से लापता 65 वर्षीय किन्नर रेखा का शव चौथी मंजिल पर कूड़े और बक्से के नीचे पॉलीथिन में लिपटा बरामद हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद आत्महत्या का संदेह जताया है।

घटना का खुलासा कैसे हुआ?
गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे रवि गुप्ता की पत्नी मोना जब चाय लेकर उन्हें जगाने तीसरी मंजिल पर गईं, तो उन्होंने पति को फंदे से लटका देखा और चीख-पुकार मचा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन जांच के दौरान मामला उलझ गया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली गुत्थी
17 फरवरी की शाम का सीसीटीवी फुटेज सामने आने से बड़ा खुलासा हुआ। इसमें रेखा किन्नर को रवि के घर में प्रवेश करते देखा गया, लेकिन बाहर निकलते नहीं। रेखा तीन दिन से लापता थीं और उनके चेलों ने गुमशुदगी की तहरीर दी थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पूरे मकान की तलाशी ली, तो चौथी मंजिल पर कूड़े के ढेर और बक्से के नीचे पॉलीथिन में लिपटा रेखा का शव मिला।
नेग लेने गई थीं रेखा
पुलिस के अनुसार, रेखा नेग (बधाई राशि) लेने रवि के घर पहुंची थीं। चेलों का कहना है कि 17 फरवरी को वह नेग लेने गई थीं, उसके बाद लापता हो गईं। उनका मोबाइल दोपहर बाद बंद हो गया था। किन्नर समाज का आरोप है कि रवि और रेखा के बीच पैसों का लेन-देन था, जिसके चलते हत्या की गई और कमाई लूट ली गई।
परिवार से पूछताछ, मुकदमा दर्ज
रवि अपने माता-पिता और पत्नी के साथ रहते थे। उनका बड़ा भाई आकाश शादी में शामिल होने गुवाहाटी गए हुए थे। पुलिस ने रवि के पिता विजय गुप्ता, पत्नी मोना और अन्य परिजनों से पूछताछ शुरू की है। किन्नर समाज की तहरीर पर रवि, उसकी पत्नी, माता-पिता, बड़े भाई और एक अन्य परिजन सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही दोनों मौतों का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस गहन जांच में जुटी है और मामले की हर परत खोलने की कोशिश कर रही है।
किन्नर समाज के लोग पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

