पंचकूला निगम चुनाव: भाजपा में मेयर टिकट को लेकर 20 दावेदार

पंचकूला निगम चुनाव: भाजपा में मेयर टिकट को लेकर 20 दावेदार

पंचकूला,  (जनवार्ता)। नगर निगम चुनाव से पहले पंचकूला में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर टिकट को लेकर जोरदार घमासान देखने को मिल रहा है। मेयर पद के लिए करीब 20 नेताओं ने दावेदारी ठोकी है, जबकि पार्षद पद के लिए 200 से अधिक आवेदन पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं।
पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने एक बार फिर टिकट के लिए आवेदन किया है। उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष अजय मित्तल को अपना प्रार्थना पत्र सौंपा। मित्तल ने गोयल को अनुभवी और साफ छवि वाला नेता बताते हुए उनके पिछले कार्यकाल की सराहना की।
समाजसेवी अमित जिंदल ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर टिकट मांगा और जीत का दावा किया। वहीं प्रदीप गोयल ने भी अपनी दावेदारी पेश की, जिनके समर्थक उनके मजबूत जनसंपर्क को उनकी ताकत बता रहे हैं।
रंजीता मेहता ने भी मेयर पद के लिए आवेदन किया है। वह संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव के लिए जानी जाती हैं।
पंजाबी समाज के नेता अनिल थापर ने विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के समर्थन के साथ अपनी दावेदारी पेश करते हुए सेवा को प्राथमिकता बताया।
इसके अलावा दीपक शर्मा, अजय शर्मा, विशाल सेठ, योगेंद्र शर्मा और योगेश्वर शर्मा समेत कई नेता भी मैदान में हैं।
भाजपा में टिकट को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा से साफ है कि इस बार निगम चुनाव में पार्टी के भीतर ही कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

rajeshswari

इसे भी पढ़े   राजातालाब : कपड़े की दुकान से 2 लाख के सामान और नकदी चोरी
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *