एआई के दौर में पत्रकारों को और सशक्त होने की जरूरत : डॉ.आर.के.सिंह
हमारे आईजा परिवार के सभी सदस्य शेर हैं : राष्ट्रीय अध्यक्ष
वाराणसी (जनवार्ता)।ऑल इंडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजा) की वाराणसी इकाई की आवश्यक बैठक एवं सदस्यता अभियान रविवार को चितईपुर चौराहे स्थित प्रगति स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जनवार्ता हिंदी दैनिक के संपादक डॉ. राजकुमार सिंह रहे।
डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया कर्मियों के सामने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी गंभीर चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए पत्रकारों को स्वयं को और अधिक सशक्त व अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा कि देशभर में पत्रकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं, ऐसे में पत्रकार संगठनों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।


उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन हर सुख-दुख में अपने परिवार के सदस्यों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।
डॉ. सिंह ने उपस्थित पत्रकारों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने के लिए प्रगति स्कूल के संचालक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी अवनीश सिंह (गोमी) का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आईजा पिछले लगभग 18 वर्षों से निरंतर सक्रिय है और किसी संगठन से इतने लंबे समय तक जुड़े रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि संगठन के सदस्यों पर गर्व है, क्योंकि वे किसी भी प्रकार के गलत कार्यों में शामिल नहीं होते और न ही किसी को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। संगठन का विस्तार आवश्यक है, लेकिन यह प्रक्रिया धीरे-धीरे और सोच-समझकर होनी चाहिए।
डॉ. सिंह ने कहा, “हमारे आईजा परिवार के सभी सदस्य शेर हैं और हमारा संगठन पूरी तरह बेदाग है। संगठन के सदस्य आपसी सहयोग से अपनी समस्याओं का समाधान करने में सक्षम हैं।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि सदस्यों को सुझाव देने के साथ-साथ अपनी उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से दर्ज करानी चाहिए, ताकि संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सही निर्धारण किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन प्रणय कुमार सिंह एवं प्रेमन कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कृष्णा कुमार ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रेमन मौर्य,शिवकुमार मेहरा, सर्वेश शुक्ला, ओमप्रकाश दूबे, अरविंद कुमार सिंह, अश्वनी गुप्ता, विनोद गुप्ता,सुमित चौहान, कन्हैया गुप्ता, अनंत यादव (भगत जी), राजेश वर्मा, ओमकार नाथ, अमित सिंह, श्रवण भारद्वाज, कमलेश गुप्ता सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

