फतेहपुर : प्राथमिक स्कूल के शिक्षक पर कक्षा 3 की नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का आरोप
फतेहपुर (जनवार्ता): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 3 की नाबालिग छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक ने बच्ची को स्कूल से निकालने की धमकी देकर घटना को दबाने की कोशिश की। परिजनों ने स्थानीय थाने में शिकायत करने पर भी सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए अंततः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

परिजनों के अनुसार, ऐझी ग्राम सभा के प्राथमिक विद्यालय में यह घटना स्कूल के कमरे में हुई। आरोपी शिक्षक शिवभोला (परिवर्तित नाम) ने छात्रा के साथ अनुचित हरकत की और गलत तरीके से छुआ। जब डरी-सहमी बच्ची ने घर आकर माता-पिता को बताया, तो शिक्षक ने उसे धमकाया कि “चुप रहो, वरना स्कूल से निकाल दूंगा”।
पीड़िता की मां ने बताया कि वे पहले असोथर थाना पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्हें समझौते की सलाह देकर वापस भेज दिया गया और कोई लिखित कार्रवाई नहीं हुई। निराश परिवार आखिरकार पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कार्यालय पहुंचा।
एसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। अभिभावक और स्थानीय लोग प्रशासन व पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने पूछा है कि छोटी बच्ची की शिकायत को शुरुआती स्तर पर क्यों नजरअंदाज किया गया?
POCSO एक्ट के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। शिक्षा विभाग से भी आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए कहा, “हमारी बेटी स्कूल जैसे सुरक्षित माहौल में भी सुरक्षित नहीं है। दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।”

