राजस्थान से आए पत्रकारों ने एनएचएआई कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का किया अवलोकन, ‘जूट वाली दीदी’ अंजली सिंह की सफलता की कहानी भी जानी
भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास की जमीनी स्तर पर कवरेज हेतु राजस्थान से उत्तर प्रदेश पहुंचे पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज एनएचएआई के अंतर्गत विकसित कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का अवलोकन किया।


इस दौरान पत्रकारों ने एक्सप्रेसवे की आधुनिक निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा यातायात सुगमता से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से देखा। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यह एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करने में मदद करेगा। पत्रकारों ने परियोजना के तहत विकसित अवसंरचना और उसके जनजीवन पर पड़ रहे सकारात्मक प्रभाव को समझा।
इसके उपरांत पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने ‘जूट वाली दीदी’ के नाम से प्रसिद्ध अंजली सिंह से मुलाकात की, जो जूट उत्पादों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। अंजली सिंह ने बताया कि कैसे उन्होंने एक छोटे स्तर से शुरुआत कर आज कई महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने साझा किया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संस्थागत सहयोग से उन्हें अपने कार्य को विस्तार देने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। कॉमन फैसिलिटी सेंटर, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहायता जैसी पहलों ने उनके उद्यम को नई दिशा दी, जिससे स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।
पत्रकारों ने जूट उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को देखा और कार्यरत महिलाओं से बातचीत कर उनके अनुभव, आय में वृद्धि तथा सामाजिक सशक्तिकरण के पहलुओं को समझा। महिलाओं ने बताया कि इस पहल ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और पहचान भी दिलाई है।
उल्लेखनीय है कि यह मीडिया भ्रमण भारत सरकार की DCID योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रदर्शित करना तथा उनकी जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।

