टिकट के बहाने 1.8 लाख की लूटमहिला कर्मी का मुंह दबाकर ट्रैवल एजेंसी से नकदी ले भागे बदमाश
जालंधर, (जनवार्ता)। हरनामदासपुरा स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के कार्यालय में दो नकाबपोश बदमाश टिकट बुकिंग के बहाने घुसे और महिला कर्मी का मुंह दबाकर 1.8 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने एक आरोपी गुरदीप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।


जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पहले दोपहर में इलाके की रेकी की थी। शाम को वे चेहरे पर रुमाल बांधकर एजेंसी पहुंचे और शारजाह की टिकट के बारे में पूछताछ करने लगे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पहले एक युवक काउंटर के सामने बैठकर महिला कर्मचारी से बात करने लगा। कुछ देर बाद दूसरा युवक कैप और रुमाल से चेहरा ढककर अंदर आया और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने लगा।
मौका मिलते ही पहला युवक काउंटर के अंदर पहुंचा और महिला कर्मचारी का मुंह दबाकर गल्ले से नकदी निकाल ली। महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपी उसे पकड़े रहा। नकदी लेकर दोनों मौके से फरार हो गए।
एजेंसी के प्रोप्राइटर उपेंद्र राजधन ने बताया कि आरोपी टिकट बुकिंग के बहाने कार्यालय में दाखिल हुए थे। थाना-2 पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

