वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर कंटेनर में लगी भीषण आग
बड़ा हादसा टला

भदोही ( जनवार्ता)। वाराणसी-प्रयागराज सिक्सलेन हाईवे पर शनिवार को भदोही के बाबूसराय बाजार के पास एक चलते कंटेनर में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा कंटेनर धू-धूकर जल उठा। हादसे से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते चालक और खलासी की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
कंटेनर वाराणसी से सूरत की ओर जा रहा था। चालक जयकरण और खलासी शिवकरण, दोनों थरियांव (वाराणसी) निवासी, ने केबिन के पास चिंगारी निकलते ही वाहन रोक दिया और कूदकर अपनी जान बचाई। जयकरण ने बताया, “केबिन के पास अचानक चिंगारी दिखी और सेकंडों में आग भड़क उठी। हमने तुरंत कूदकर जान बचाई, वरना देरी से मौत निश्चित थी।”
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबमर्सिबल पंप व अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग बेकाबू होती जा रही थी। करीब 30 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कंटेनर पूरी तरह जल चुका था और उसमें लदा सामान राख हो गया।
आग से हाईवे पर कुछ देर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने ट्रैफिक नियंत्रित कर वाहनों को धीरे-धीरे निकाला। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और शॉर्ट सर्किट को लेकर वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

