मणिपुर :असम राइफल्स के वाहन पर हमला, दो जवान शहीद, चार घायल
इंफाल (जनवार्ता) : मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम अज्ञात बंदूकधारियों ने असम राइफल्स के जवानों के वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवान शहीद हो गए और चार अन्य घायल हो गए। यह घटना नमबोल सबल लाइकै इलाके में उस समय हुई जब जवान इंफाल से बिष्णुपुर की ओर 407 टाटा वाहन में जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे हमलावरों ने अचानक वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब मणिपुर में 21 सितंबर, 1949 के मणिपुर मर्जर एग्रीमेंट की बरसी को लेकर तनाव बना हुआ है। घाटी-आधारित उग्रवादी संगठनों ने इस दिन के लिए बंद का आह्वान किया है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मणिपुर में जारी हिंसा और अशांति के बीच इस घटना ने सुरक्षा स्थिति पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है, और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की हैं।