दालमंडी में ध्वस्तीकरण के बीच दहशत और असमंजस
33 भवनों की रजिस्ट्री सरकार के पक्ष में, 114 खातों में मुआवजा ट्रांसफर, किराएदारों में बढ़ी बेचैनी
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत पूरे इलाके में दहशत और असमंजस का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को उन्हीं भवनों पर तोड़फोड़ की गई, जिन पर एक दिन पूर्व कार्रवाई शुरू हुई थी।


इसी बीच चौक थाना परिसर स्थित लोक निर्माण विभाग के कैंप कार्यालय में रजिस्ट्री कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अब तक कुल 33 भवनों की रजिस्ट्री सरकार के पक्ष में हो चुकी है, जबकि इनसे जुड़े 114 पक्षकारों के बैंक खातों में मुआवजा राशि ट्रांसफर कर दी गई है।

रजिस्ट्री और मुआवजा प्रक्रिया में तेजी आने से किराएदारों और प्रभावित परिवारों में बेचैनी बढ़ गई है। प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई के चलते कई दुकानदार अपनी दुकानें खाली करने लगे हैं, जिससे पूरे दालमंडी बाजार में हलचल का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ वरिष्ठ मुस्लिम धर्मगुरुओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर रमजान के पाक महीने और बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए ध्वस्तीकरण अभियान को स्थगित करने की मांग की है।
नगर निगम द्वारा जर्जर भवनों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाने और उनके ध्वस्तीकरण से प्रशासन का मनोबल बढ़ा है। अब अन्य जर्जर भवनों को भी चिन्हित किया जा रहा है। प्रशासन की मंशा है कि फरवरी माह के भीतर सड़क परियोजना की जद में आने वाले सभी भवनों को ध्वस्त कर मार्ग को पूरी तरह समतल कर दिया जाए, ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

