सनसनी : वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक ने खुद को मारी गोली

सनसनी : वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक ने खुद को मारी गोली

सीतापुर  (जनवार्ता)। शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 69 वर्षीय डॉ. राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है, जो बीएएमएस डिग्रीधारी आयुर्वेद चिकित्सक थे और खैराबाद क्षेत्र में अपनी क्लीनिक संचालित करते थे। वह अपनी पत्नी शक्ति चौधरी (65) के साथ घर में रहते थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर भोजन के बाद डॉ. चौधरी अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में चले गए, जबकि उनकी पत्नी नीचे काम में व्यस्त थीं। करीब एक बजे कमरे से गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर पत्नी जब ऊपर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि डॉ. चौधरी बेड पर खून से लथपथ औंधे मुंह पड़े थे। एक गोली उनकी कनपटी को चीरते हुए आरपार निकल गई थी और पास में ही रिवॉल्वर पड़ा था।
घटना का दृश्य देखकर पत्नी जोर-जोर से चीखने लगीं और पड़ोसियों को बुलाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और रिवॉल्वर को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद थी। डॉ. चौधरी के दो बेटे हैं—बड़ा बेटा एयरफोर्स में डॉक्टर है और खड़गपुर में तैनात है, जबकि छोटा बेटा लखनऊ में कानून की पढ़ाई कर रहा है।
घटना के बाद से पत्नी गहरे सदमे में हैं और बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने उनके पास एक महिला सिपाही को तैनात किया है। बेटों के आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   उपराष्ट्रपति के आगमन से पूर्व ग्रैंड रिहर्सल संपन्न
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *