भारत मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है तिरंगा यात्रा — मुख्यमंत्री योगी
हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ, युवाओं संग सीएम ने किया यात्रा का नेतृत्व

लखनऊ (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत मां, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि देश आजादी के 78 वर्ष पूरे कर रहा है और इस अमृतकाल में हर भारतीय के मन में संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और गहरा होना चाहिए।

राष्ट्रभक्ति गीतों की धुनों के बीच मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं के साथ तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। ‘भारत मां की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से शहर गूंज उठा। सीएम ने यात्रा से पहले स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट-गाइड्स संग सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है, जिसे हर घर पर लहराना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के शौर्य, पराक्रम और शक्ति को पूरी दुनिया ने देखा। इस पर गर्व करते हुए हर नागरिक का दायित्व है कि देश के सम्मान को ऊंचा बनाए रखें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने स्वार्थ छोड़कर राष्ट्रमाता के चरणों में समर्पित हों और एकजुट होकर समाज को बांटने वाली ताकतों को बेनकाब करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 2047 तक ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ जुड़कर ‘विकसित उत्तर प्रदेश-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ को जीवन का मंत्र बनाना होगा।
समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, विधायक नीरज बोरा, जया देवी, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, उमेश द्विवेदी, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा नेता नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

