जयपुर स्कूल विवाद: बंद होने की खबर पर हंगामा, पेरेंट्स ने मांगा लिखित आश्वासन
जयपुर, (जनवार्ता)। श्याम नगर स्थित द ट्री हाउस स्कूल के बंद होने की खबर पर बुधवार को अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद फीस, यूनिफॉर्म और किताबों पर खर्च कर चुके अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई और स्कूल प्रबंधन से लिखित आश्वासन की मांग की।


अभिभावकों का कहना है कि पहले स्कूल प्रबंधन ने बोरिंग और निर्माण कार्य के कारण एक दिन की छुट्टी की सूचना दी थी, लेकिन मंगलवार रात स्कूल के स्थायी रूप से बंद होने की चर्चा फैल गई। इसके बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में पेरेंट्स स्कूल पहुंचे और स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

एक छात्र की मां तमन्ना वैष्णव ने बताया कि 60 से 75 हजार रुपये तक फीस जमा कराई जा चुकी है। यूनिफॉर्म और किताबों पर भी अलग से खर्च हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि स्कूल को पहले से किसी नोटिस या कार्रवाई की जानकारी थी तो अभिभावकों को पहले क्यों नहीं बताया गया।
अभिभावक प्रीति कुमावत ने कहा कि बच्चों को करीब 9 किलोमीटर दूर दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने का सुझाव दिया गया है, जो अधिकांश परिवारों के लिए संभव नहीं है। इससे अभिभावकों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्कूल में फिलहाल करीब 180 बच्चे पढ़ रहे हैं, जिनमें 45 छात्र आरटीई के तहत प्रवेशित हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि अब तक न तो प्रबंधन ने लिखित में स्थिति स्पष्ट की है और न ही प्रशासन ने कोई हस्तक्षेप किया है।
वहीं स्कूल की प्रिंसिपल सरिता शर्मा ने बंद होने की खबरों को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल का संचालन नियमित रूप से जारी है और कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर भ्रम पैदा कर रहे हैं।
हालांकि अभिभावक मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और लिखित में स्पष्ट जानकारी मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। फिलहाल स्कूल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

