20 लीटर अवैध शराब व 2.5 क्विंटल लाहन बरामद, दो गिरफ्तार
चौबेपुर, (जनवार्ता न्यूज)। स्थानीय थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रहार करते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 20 लीटर अवैध अपमिश्रित देशी शराब बरामद की गई तथा शराब बनाने के लिए तैयार 2.5 क्विंटल लाहन (खमीर) को नष्ट किया गया।थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मुखबीर से प्राप्त सूचना पर पुलिस की एक विशेष टीम ने सोमवार सुबह कादीपुर स्थित कंजर बस्ती, परानापुर में छापेमारी की।

इस दौरान शराब बनाने के विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए।इस मामले में शक्ति करवल (पुत्र मोहित करवल) तथा विक्की करवल (पुत्र बीराम करवल), दोनों निवासी परानापुर, को गिरफ्तार कर लिया गया है।छापेमारी अभियान व गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक कमल सिंह यादव, ओमप्रकाश वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

