रथयात्रा मेले की सुरक्षा तैयारियों का एडीशनल सीपी ने लिया जायजा

रथयात्रा मेले की सुरक्षा तैयारियों का एडीशनल सीपी ने लिया जायजा

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

वाराणसी (जनवार्ता)। रथयात्रा मेला-2026 के मद्देनज़र वाराणसी कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शुक्रवार को राजातालाब क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त, राजातालाब के सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और पुलिस बल भी मौजूद रहा।

rajeshswari

निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्गों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, अग्निशमन एवं चिकित्सा सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की गई।

अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस और एंटी रोमियो टीम को सक्रिय रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेला अवधि में सभी अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। खोया-पाया केंद्र, पुलिस सहायता केंद्र और रात्रिकालीन गश्त को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि रथयात्रा मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने आमजन से भी पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को देने की अपील की।

इसे भी पढ़े   नहर किनारे पुरानी रंजिश में युवक की बेरहम पिटाई, इलाज के दौरान मौत; दो गिरफ्तार
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *