चौथे दिन भी अधिवक्ताओं का धरना जारी, न्यायिक कार्य से रहे विरत…
मिर्जामुराद (जनवार्ता)। राजातालाब बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का उपजिलाधिकारी शांतनु कुमार सिंगसिगवार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
बैठक प्रस्तावक मनीष कुमार सिंह के प्रस्ताव पर आहूत की गई। इसकी अध्यक्षता कनिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री वीरेंद्र कुमार यादव ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से उपजिलाधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया तथा संपूर्ण दिवस न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।
धरने को पूर्व अध्यक्ष दिनेश नारायण शर्मा, छेदी यादव, सर्वजीत राजभर, पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामचंद्र पटेल, आनंद पटेल, बाबर अली शाबरी, अमित प्रताप सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष चन्द्रशेखर उपाध्याय, वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मीकांत पांडेय, गणेश प्रसाद तथा बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अजय विक्रम सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने अधिवक्ताओं की मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखने की बात कही।


