काशी में गोवर्धन पूजा पर भव्य शोभायात्रा, अजय राय और लक्की यादव ने किया शुभारंभ
वाराणसी (जनवार्ता)। गोवर्धन पूजा के अवसर पर बुधवार को काशी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और जौनपुर के मल्हनी विधायक लक्की यादव ने फीता काटकर यात्रा का शुभारंभ किया। दोनों नेताओं ने श्रद्धालुओं को उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।
शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के कलाकारों ने देव झांकियों और वीर गाथाओं का प्रदर्शन किया। मुख्य आकर्षण भारत-चीन सीमा पर स्थित रेंजागला के अहिरधाम स्थल की झांकी रही। भगवान गोवर्धन के साथ राधा-कृष्ण, शिव, हनुमान, काली, दुर्गा और श्रीराम दरबार की झांकियां भी शामिल रहीं।
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने बताया कि यह परंपरा 1973 से निरंतर जारी है। शोभायात्रा हथुआ मार्केट से आरंभ होकर लहुराबीर, पिपलानी कटरा, लोहटिया, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मच्छोदरी और मुकीमगंज होते हुए नमोघाट स्थित गोवर्धन धाम तक पहुँची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत मंडपों की सजावट श्रद्धालुओं को आकर्षित करती रही।
यात्रा में यादव समाज के हजारों लोग पारंपरिक परिधान और केसरिया साफा पहनकर शामिल हुए। इस दौरान पटा-बनेठी जैसी लोक कलाओं का भी प्रदर्शन किया गया।
समारोह में समाजसेवा और विशिष्ट योगदान के लिए दस लोगों को ‘गोवर्धनश्री सम्मान’ प्रदान किया गया। यूपी बोर्ड में उत्कृष्ट अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें दो को 51-51 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री गिरीशचंद्र यादव, शिवपाल यादव सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनी।