चोलापुर में मजदूर की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप, गांव में तनाव
परिजनों ने पहले से धमकी मिलने की बात कही, एसीपी सारनाथ ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोपपुर गांव में एक मजदूर की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पिंटू राजभर (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर इंस्पेक्टर चौबेपुर, इंस्पेक्टर चोलापुर और भारी संख्या में पीएसी बल तैनात किया गया।


जानकारी के अनुसार, पिंटू राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन से चार लोगों ने सड़क पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को पास के कुएं में फेंक दिया। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों का कहना है कि घर के सामने रहने वाले कुछ लोगों ने पहले भी पिंटू को धमकी दी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी के अलावा मृतक की दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ विनय द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन
सहायक पुलिस आयुक्त विनय द्विवेदी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी बनी हुई है।

