सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर का वैकल्पिक मार्ग तैयार
मोबाइल ले जाने पर नहीं होगी रोक
वाराणसी (जनवार्ता) । सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को और सुगम बनाने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के एसडीएम शंभू शरण ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मंदिर के गेट नंबर-4 से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवेश करते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को आसान बनाने के लिए अब मणिकर्णिका गली से होकर अहिल्याबाई चौक तक पहुंचने का वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया गया है। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में अधिक सुविधा होगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा।
एसडीएम ने बताया कि गंगा द्वार से भी श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह वैकल्पिक मार्ग भीड़ प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्ग से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन साथ रखने पर कोई रोक नहीं होगी।
प्रशासन का उद्देश्य सावन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।

