जीवनदीप पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद समारोह संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता) : जीवनदीप पब्लिक स्कूल, चंदमारी (बड़ालालपुर) में सत्र 2025-26 का वार्षिक खेलकूद समारोह बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस समारोह का शुभारंभ गुरुवार को हुआ, जबकि मुख्य प्रतियोगिताएं शुक्रवार को आयोजित की गईं।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध ए.एफ.सी. फुटबॉल कोच पार्थ सारथी और विशिष्ट अतिथि सत्येन्द्र सिंह (पूर्व संतोष ट्रॉफी मैनेजर एवं वर्तमान यू.पी.एस.सी. क्लब सचिव) रहे। प्रधानाचार्या डॉ. ममता सिंह ने दोनों अतिथियों का अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
प्रधानाचार्या डॉ. ममता सिंह द्वारा खेल आरंभ की घोषणा के बाद पहले दिन नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के छोटे छात्रों तथा उनके अभिभावकों के बीच मजेदार एवं विविध खेलों का आयोजन किया गया। दूसरे दिन कक्षा तृतीय से ग्यारहवीं तक के छात्रों ने चार सदनों—शिवाजी, टैगोर, अरविंदो और रमन—के बीच जोरदार मुकाबला किया।
प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, स्पाइडर दौड़, रस्साकशी, गुरिल्ला दौड़, संतुलन दौड़ आदि प्रमुख आकर्षण रहे। पूरे सत्र के खेलकूद क्रियाकलापों के आधार पर अरविंदो सदन ने प्रथम स्थान, टैगोर सदन ने द्वितीय स्थान तथा शिवाजी सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सुंदर संचालन छात्राओं निलिशा सिंह, अंतिमा सिंह तथा जय कुमार मिश्रा ने किया। समारोह का सफल आयोजन खेल शिक्षक उमेश यादव के कुशल निर्देशन में हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वार्षिक खेल समारोह ने छात्रों में खेल भावना, टीमवर्क एवं अनुशासन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

