अपना दल (कमेरावादी) ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर किया नमन
वाराणसी (जनवार्ता) । अपना दल (कमेरावादी) वाराणसी इकाई के तत्वावधान में सोमवार को राजातालाब स्थित संपूर्णा लॉन में अखंड भारत के निर्माता, भारत रत्न एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं विचारों पर चर्चा हुई तथा उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया गया।

मुख्य अतिथि किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान ने कहा कि बारडोली सत्याग्रह का सफल नेतृत्व करने पर वहां की महिलाओं ने वल्लभभाई पटेल को ‘सरदार’ की उपाधि दी थी, जिसे महात्मा गांधी ने भी अपनाया। स्वतंत्रता के बाद बिखरी हुई रियासतों को एकीकृत कर सरदार पटेल भारत के बिस्मार्क एवं लौह पुरुष बने। बारडोली किसान आंदोलन से लेकर स्वाधीनता संग्राम और स्वतंत्र भारत के गृह मंत्री के रूप में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हम सरदार पटेल के आदर्शों पर चलते हुए किसानों एवं कमेरा वर्ग की खुशहाली के लिए एक मजबूत देश और समाज बनाने को संकल्पित हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, योगीराज सिंह, उमेशचंद्र मौर्य, बलराम यादव, जितेंद्र मौर्य, प्रभु पटेल, बबलू पटेल, हरिश्चंद्र पटेल, गणेश शर्मा, रामनरेश पटेल सहित कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने की तथा संचालन एडवोकेट संजय आर्य ने किया।

