संत रविदास जयंती समापन पर बेगमपुरा स्पेशल ट्रेन जालंधर के लिए रवाना
वाराणसी (जनवार्ता) : संत रविदास जयंती (649वां प्रकाश पर्व) के मुख्य समारोह और उत्सव के समापन के बाद आज (सोमवार) वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से बेगमपुरा स्पेशल ट्रेन पंजाब के जालंधर सिटी के लिए सफलतापूर्वक रवाना हुई।

इस स्पेशल ट्रेन में लगभग 2000 श्रद्धालु सवार हुए, जो 31 जनवरी को जयंती के अवसर पर कच्चा डेरा सौदा के संत मनदीप दास के नेतृत्व में पंजाब से वाराणसी पहुंचे थे। आरपीएफ निरीक्षक भुवनेश्वरी, उप निरीक्षक सुधीर कुमार राय, स्टॉप चौकी प्रभारी तरुण कुमार शुक्ला और अन्य रेलवे स्टाफ ने मिलकर भीड़ को कुशलतापूर्वक नियंत्रित किया। दोपहर 3:30 बजे के आसपास ट्रेन को सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।
जयंती के दौरान वाराणसी में भक्तिमय माहौल रहा, जहां लाखों श्रद्धालु सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थान मंदिर पहुंचे थे। रेलवे की इस व्यवस्था से यात्रा सुगम और सुरक्षित रही, जिसकी सराहना भक्तों ने की।

