मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर भाजपा की कार्यशाला संपन्न

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर भाजपा की कार्यशाला संपन्न

वाराणसी (जनवार्ता)   । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर) को सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को सर्किट हाउस में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में विधानसभा वार नियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया।

rajeshswari

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन विभाग की ईआरओ (एसडीएम पिंडरा) प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण का पहला चरण 4 नवंबर 2025 से शुरू हो चुका है। इस अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के हर सदस्य के लिए फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को भरा हुआ फॉर्म की एक प्रति बीएलओ को लौटानी होगी तथा दूसरी प्रति अपने पास रखनी होगी।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विस्थापित व्यक्तियों, मृतकों तथा गैर-नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाना तथा पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में छूटने न देना है। बीएलओ प्रत्येक घर में कम से कम तीन बार संपर्क करेंगे। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम दर्ज व्यक्तियों को कोई दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि शेष मतदाताओं को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 13 दस्तावेजों में से कोई एक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। 2003 की मतदाता सूची चुनाव आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती है।

प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि नए मतदाताओं के फॉर्म में माता-पिता का ईपिक नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करना होगा तथा शपथ-पत्र देना होगा कि उनका नाम कहीं और दर्ज नहीं है। बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भी भरे जा सकते हैं। 4 दिसंबर के बाद छूटे हुए नामों के लिए दावा जिलाधिकारी (चुनाव अधिकारी) अथवा ईआरओ (तहसीलदार/नायब तहसीलदार/एसडीएम स्तर) के पास दाखिल किया जा सकता है। सत्यापन उपरांत नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा तथा सुधार भी किया जाएगा।

इसे भी पढ़े   चौबेपुर में बाइक-ट्रक भिड़ंत, युवक गंभीर रूप से घायल

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बीएलओ के साथ पूर्ण समन्वय बनाकर हर घर तक पहुंचें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए इस कार्य की सतत निगरानी करेंगे।

कार्यशाला में जगदीश त्रिपाठी, नवीन कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विश्वेश्वर, अशोक जाटव, अशोक यादव, गीता शास्त्री, साधना वेदांती, अजय गुप्ता, अजीत सिंह, रतन मौर्या, अवधेश राय, प्रमीला पाण्डेय, अशोक कुमार पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *